बनबसा (चंपावत)। एलायंस क्लब के तीन दिनी उत्तरायणी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को हुई क्लब पदाधिकारियों की बैठक में बताया गया कि मेले का उद्घाटन राज्य के वित्त और आबकारी मंत्री प्रकाश पंत करेंगे। मेले में तीन दिनों तक मां विंध्यवासिनी अस्पताल द्वारा लोगों का निशुल्क इलाज किया जाएगा।
शुक्रवार को मिनी स्टेडियम में क्लब अध्यक्ष अरुण सोराड़ी की अध्यक्षता और सचिव राज सिंह भदौरिया के संचालन में हुई बैठक में 14 से 16 जनवरी तक होने वाले मेले की तैयारियों पर चर्चा हुई। मेला चेयरमैन कै. हरीश कापड़ी ने बताया कि इस बार मेले में नेपाली व्यंजनों का स्टाल और कुमाऊंनी पर्वतीय उत्पाद, व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेला प्रबंधक उमेद सिंह नेगी ने बताया कि मेला का आयोजन क्लब सदस्यों के अलावा जन सहयोग से किया जा रहा है। इस मौके पर क्लब सदस्य सुधा बिष्ट, पुष्कर कापड़ी, हेमेंद्र सिंह रावत, कमल जैन, विवेक अग्रवाल, त्रिलोक चंद सोराड़ी, सुनीता मुरारी, रानी कापड़ी, मोहन बिष्ट आदि मौजूद थे।