टनकपुर (चंपावत)। राज्य स्थापना दिवस पर बुधवार से स्थानीय स्टेडियम में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालकों की मुक्केबाजी प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पहले दिन दस मुकाबले हुए, जिसमें टनकपुर के मुक्केबाजों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में जिले के 60 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। राज्य स्थापना दिवस को मुक्केबाजी के साथ ही अंडर-12 एवं अंडर-16 आयु वर्ग के बालकों की कराटे प्रतियोगिता भी होगी।
उप जिला क्रीड़ा अधिकारी जगजीवन सिंह मेहता की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने किया। पहले दिन हुए उद्घाटन मुकाबले में टनकपुर के जितेंद्र अधिकारी ने टनकपुर के ही प्रियांशु चौहान को हराया। इसके अलावा टनकपुर के हर्षित मेहरा ने लोहाघाट के युवराज सामंत को, उचौलीगोठ के अनुराग कुमार ने लोहाघाट के राहुल राय को, टनकपुर के अनुज चौहान ने लोहाघाट के मनीष कुमार को, टनकपुर के तनुज भंडारी ने लोहाघाट के मो. समीर को, उचौलीगोठ के करन प्रसाद ने बनबसा के रवि भट्ट को, लोहाघाट के सौरभ धौनी ने टनकपुर के निखिल चंद को, टनकपुर के दीपांशु कांडपाल ने बनबसा के विनेश राणा को, टनकपुर के गौरव बिष्ट ने बनबसा के उदय राणा को और टनकपुर के रविंद्र सिंह ने टनकपुर के ही प्रियांशु भंडारी को हराया। निर्णायक मंडल में जगन्नाथ गोस्वमी, योगेंद्र चंद, सूरज पांडेय, रमेश सिंह शामिल थे। इस मौके पर नगर पालिका की सभासद पूजा निषाद, वरिष्ठ खिलाड़ी लक्ष्मण सिंह पाटनी, खेल विभाग के लिपिक चंद्रशेखर ओली आदि मौजूद थे।