लोहाघाट (चंपावत)। डाकबंगला सड़क किनारे रहने वाले ग्राम विकास अधिकारी के घर सोमवार को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अब तक 17 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस तीन अलग-अलग टीमें गठित करने के साथ स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) की मदद ले रही है। अलबत्ता अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
छह अक्तूबर को चोरों ने दिनदहाड़े ग्राम विकास अधिकारी कैलाश गड़कोटी के घर में घुसकर 20 तोला सोना और 68 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। लगातार हो रही चोरियों से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को थाने का घेराव भी किया। पुलिस ने 15 दिनों में चोरी का खुलासा करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया, लेकिन बुधवार को तीसरे दिन भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची थी।
थानाध्यक्ष बीएस बृजवाल का कहना है कि चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती दौर में 17 संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। चोरी का पता लगाने के लिए जगह-जगह मुखबिर भी तैनात किए गए हैं। एसओ ने बताया कि घटना का खुलासा करनेे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं, जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।