टनकपुर (चंपावत)। लायंस मेले और दीपावली पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने नागरिकों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। लायंस मेले के दौरान गांधी मैदान में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
इस बार भी शहर में पटाखों की दुकान गांधी मैदान में लगेंगी और पटाखा विक्रेताओं को दुकान के पास अग्निसुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने होंगे। बैठक में जल संस्थान एवं विद्युत विभाग के किसी सक्षम अधिकारी के मौजूद न होने पर एसडीएम और नागरिकों ने कड़ी नाराजगी जताई।
तहसील में हुई बैठक में नागरिकों के आग्रह पर लायंस दीपावली मेले के दौरान रविवार को शाम छह बजे से मेला समाप्त होने तक गांधी मैदान में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। एसडीएम ने नागरिकों से पटाखों का कम से कम और सुरक्षित ढंग से प्रयोग करने की अपील की। सीओ ने विश्वास दिलाया कि दीपावली पर शांति व्यवस्था के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी तरह की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत, पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश मुरारी, महामंत्री वैभव अग्रवाल, लायंस क्लब अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, समाजसेवी धर्मानंद पांडेय, नाथूराम राय, सत्यप्रकाश गुप्ता आदि मौजूद थे।
रात दस बजे के बाद आतिशबाजी करने पर कार्रवाई होगी
बनबसा (चंपावत)। थाने में हुई बैठक में दीपावली पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने पर मंथन हुआ। दीपावली पर्व के तीन दिन बाजार में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। रात्रि दस बजे के बाद आतिशबाजी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। आतिशबाजी विक्रेताओं को मानकों के तहत आतिशबाजी सामग्री बेचने को कहा गया है। सुरक्षा इंतजाम के बिना आतिशबाजी बेचने पर लगेगी रोक। थानाध्यक्ष मनीष खत्री की अध्यक्षता और एसआई मनोज रावत के संचालन में हुई बैठक में पुलिस ने नागरिकों से दीपावली पर्व सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। प्रधानों ने गढ़ीगोठ क्षेत्र में अवैध रूप से बिकने वाली नेपाली शराब और फागपुर में बिक रही अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने, व्यापारियों ने बाजार में पहुंचने वाले वाहन, तांगे और मैजिक पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। नागरिकों ने मीना बाजार में सामान ढोने वाले वाहनों के कारण लगने वाले जाम से होने वाली दिक्कतों का हवाला देते हुए वाहनों को बाजार में ले जाने पर रोक लगाने को कहा।