लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश फार्म भरनेे के एवज में मनमाना शुल्क वसूलने का आरोप लगाया है। छात्रों ने तहसीलदार नीलू चावला को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की।
छात्रसंघ अध्यक्ष निखिलेश गहतोड़ी के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में कहा कि वर्तमान शिक्षा सत्र से कुमाऊं विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन प्रवेश फार्म भरने हैं। पिछले साल तक ऑफ लाइन प्रवेश फार्म भरने की प्रक्रिया में प्रवेश फार्म का अधिकतम मूल्य 40 रुपये था, जबकि वर्तमान में ऑनलाइन प्रक्रिया में बाजार में साइबर कैफे संचालकों द्वारा प्रवेश फार्म भरने वाले छात्र-छात्राओं से 120 से 130 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। कहा कि साइबर कैफे संचालकों की मनमानी के कारण आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी हो रही है। ज्ञापन देने वालों में इंदर ढेक, दीपक देव, विनोद बगौली, मुकेश चंद आदि शामिल थे।