पूर्णागिरि देवी के दर्शन करती विदेशी महिला। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : TANAKPUR
मां पूर्णागिरि धाम/टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम मेले में अष्टमी के दिन श्रद्धालुओं की आमद अपेक्षा से कम रही। मंदिर समिति के मुताबिक करीब 11 हजार श्रद्धालु देवी दरबार पहुंचे। गेहूं की फसल कटने से लेकर बोर्ड परीक्षा को इसकी वजह बताई जा रही है। अलबत्ता एक विदेशी महिला ने भी देवी दर्शन किए। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि एक आस्ट्रेलियन महिला ऐनी ने भी धाम में देवी के दर्शन किए।
वहीं ठुलीगाड़ में बरेली से आई एक महिला श्रद्धालु कविता देवी का खोया पर्स पुलिस ने वापस किया। चौकी प्रभारी देवेंद्र मनराल ने बताया कि पर्स में 4500 रुपये के अलावा कुछ कागजात थे। ध्वनि विस्तारक यंत्र से घोषणा के बाद महिला ने पुलिस चौकी जाकर पर्स हासिल किया।
कल नहीं चलेंगी दो रेल सेवाएं
टनकपुर (चंपावत)। 11 अप्रैल को टनकपुर आने और जाने वाली रेल सेवाओं में संशोधन किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के जन संपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे की ओर से खटीमा-बनबसा खंड में समपार संख्या-38 पर कार्य के चलते ये बदलाव किया गया है। दो रेल सेवाओं को निरस्त किया गया है। जबकि चार सेवाएं टनकपुर के बजाय खटीमा से आवाजाही करेंगी। इसके अलावा दो रेल सेवाओं के समय में भी बदलाव हुआ है। इस बदलाव का असर पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं पर भी पड़ेगा।
पीलीभीत से 11 अप्रैल को चलने वाली 05341 पीलीभीत-टनकपुर अनारक्षित विशेष सवारी गाड़ी और टनकपुर से चलने वाली 05342 टनकपुर-पीलीभीत अनारक्षित विशेष सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी। बरेली शहर से 11 अप्रैल को 05321 बरेली सिटी-टनकपुर अनारक्षित विशेष सवारी गाड़ी टनकपुर के बजाय खटीमा स्टेशन तक ही आएगी। इसी तरह टनकपुर से 11 अप्रैल को 05322 टनकपुर-बरेली सिटी अनारक्षित विशेष सवारी गाड़ी और 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस और 12035 टनकपुर-दिल्ली एक्सप्रेस टनकपुर के स्थान पर खटीमा स्टेशन से चलाई जाएगी। कासगंज से 11 अप्रैल को 05061 कासगंज-टनकपुर मेला विशेष गाड़ी कासगंज से दो घंटे 20 मिनट देर से चलेगी। इसी तरह पीलीभीत से 11 अप्रैल को 05393 पीलीभीत-टनकपुर अनारक्षित विशेष सवारी गाड़ी पीलीभीत से दो घंटे 45 मिनट देर से चलेगी।