लोहाघाट के वीवीआईपी डाकबंगला रोड़ में लगे जाम में फंसी प्रसवपीडित महिला को ले जा रही 108 आपात सेवा।
- फोटो : LOHAGHAT
नगर में रोज लगने वाले जाम से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। यातायात पुलिस जाम पर काबू पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित रही है। नगर के वीवीआईपी डाकबंगला रोड पर जाम लगने से प्रसव पीड़िता महिला को ले जा रही 108 आपात सेवा जाम में फंसी रही। एक जागरूक युवा की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुल पाया।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे डाक बंगला रोड पर जाम लगना शुरू हो गया। जाम के कारण शीलता माता मंदिर से लेकर वीर कालू सिंह माहरा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एक प्रसव पीड़िता को अस्पताल ले जा रही 108 आपात सेवा, स्कूल बस करीब 20 मिनट तक जाम में फंस गईं।
आपात सेवा द्वारा सायरन बजाने के बावजूद भी किसी भी पुलिस कर्मी ने जाम खुलवाने के लिए आने की जहमत तक नहीं उठाई। सड़क के दोनों ओर नो पार्किंग में लोगों ने अपने आड़े-तिरछे वाहन खड़े किए हुए थे। डाक बंगला रोड पर मालवाहक वाहनों द्वारा मनमर्जी से दिन भर अपना माल उतारा और चढ़ाया जाता है जिससे जाम की स्थिति और अधिक पैदा हो जाती है।
जाम में फंसे लोगों की दिक्कतों को देखते हुए एक जागरूक युवा अपने वाहन से उतरकर बाहर आया। उसने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। बड़ी मुश्किल से करीब 20 मिनट बाद जाम खुल पाया। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोज-रोज लगने वाले जाम पर गहरी नाराजगी जताई। इधर एसओ मनीष खत्री ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और जाम लगाने वाले वाहन चालकों के लगातार चालान किए जा रहे हैं।