चंपावत। लोकसभा चुनाव के लिए जिले के 321 बूथों के सापेक्ष दस प्रतिशत बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी। सोमवार को जिला सभागार में वेबकास्टिंग के लिए नियुक्त 33 और सात आरक्षित कर्मचारियों के प्रशिक्षण का शुभारंभ उप जिला निर्वाचन अधिकारी टीएस मर्तोलिया ने किया।
नोडल अधिकारी केके जोशी ने वेबकास्टिंग के लिए नियुक्त कर्मचारियों को आवंटित किए जाने वाले बूथों के लिए स्वयं को तैयार रखने को कहा। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार दस प्रतिशत बूथों की वेबकास्टिंग की जानी है जिसका निर्धारण कर लिया गया है। प्रशिक्षण में देहरादून से आए प्रशिक्षक त्रिलोक चंद्र पांडेय ने सीसीटीवी, डोंगल, सिमकार्ड, पावर बैंक आदि के संबंध में जानकारी दी।