बनबसा (चंपावत)। सरस्वती शिशु मंदिर का वार्षिक परीक्षाफल घोषित कर दिया गया। परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। मेधावी छात्र-छात्राओं के अलावा वर्ष भर में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। निबंध, पहाड़ा प्रतियोगिता और अंग्रेजी सुलेख में उषा बोरा ने पहला स्थान प्राप्त किया।
स्व. प्रभाती लाल गोयल सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल का परीक्षाफल घोषणा कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंद्रशेखर भट्ट, कार्यक्रम अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि बीएड कालेज प्रवक्ता सरोज जोशी, विद्यालय व्यवस्थापक कैलाश थपलियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। वार्षिक परीक्षाफल का ब्योरा प्रमुख आचार्य लक्ष्मण दत्त तिवारी ने प्रस्तुत किया।
बताया कि विद्यालय स्तर के बाल वर्ग की सृष्टि थपलियाल और शिशु वर्ग के सूरज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक कक्षा में पहले तीन स्थान पर आए छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा बस्ता प्रतियोगिता में करिश्मा भंडारी, हिंदी सुलेख में दीक्षा बोरा, अंग्रेजी सुलेख में उषा बोरा, पहाड़ा प्रतियोगिता में उषा बोरा, कला प्रतियोगिता में दीक्षा प्रजापति, निबंध प्रतियोगिता में उषा बोरा पहले स्थान पर रही।
अखिल भारतीय संस्कृत ज्ञान परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर निशु पाटनी प्रथम रही। इस मौके पर लगातार तीन वर्षों तक बिना अवकाश लिए शिक्षण कार्य करने वाले स्कूल के शिक्षक (आचार्य) दीपक राम को व्यवस्थापक की ओर से पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि ने एक कक्षा को स्मार्ट कक्षा बनाने में सहयोग देने का भरोसा दिया। संचालन आचार्य भूपाल राम ने किया। प्रधानाचार्य कुंडल सिंह कार्की ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावकों के अलावा विद्यालय परिवार मौजूद रहा।