लोहाघाट (चंपावत)। नगर में बैठकी होली की धूम शुरू हो गई है। होल्यारों की ओर से विभिन्न राग और फागों में प्रस्तुत होली गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। लोहाघाट के गांधी चौक स्थित जीआईसी के संगीत शिक्षक अनूप कौशल के आवास में प्रमुख होल्यार मुकेश कलखुड़िया की पहल पर बैठकी होली का आयोजन किया गया। मेजबान अनूप कौशल ने राग काफी में गणपति वंदना से होली की शुरूआत की। होली विजडम स्कूल के प्रबंधक संजय पंत ने बैंया ना धरो बलमा, न करो मो से रार गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कमल वर्मा ने राग सहाना में आली बता कहीं देखे कन्हाई गीत प्रस्तुत कर पूरा वातावरण भक्तिभाव में सराबोर कर दिया। मुकेश कलखुड़िया ने राग काफी में छाड़ो-छाड़ो छैल नंदलाल, ओपीएस के प्रबंधक लोकेश पांडेय, शिक्षक सुनील पांडेय ने नई रे चुनरिया फाड़ी गाकर समा बांध दिया। किरन जुकरिया ने राग भैरवी में सैंय्या को न जाने दूंगी, सैंय्या आज में लड़ूंगी गाकर खूब वाहवाही लूटी। देर रात तक चली होली महफिल में युवा कलाकार अक्षत कलखुड़िया ने तबले पर ताल ठोकी। इस मौके पर महेश जोशी, हरिओम वर्मा आदि मौजूद रहे।