लोहाघाट (चंपावत)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की पहल पर ढोरजा गांव में दो दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण शुरू हो गया है। आरसेटीश के फैकल्टी प्रकाश जोशी ने विभिन्न लाभकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण का लाभ लेकर उद्योग विभाग की विभिन्न प्रकार की अनुदान वाली योजनाओं के तहत बैंक से ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार अपनाने की अपील की।
उन्होंने विभिन्न खेलों और वीडियो क्लिपिंग के जरिए उद्यमिता के गुर सिखाए। ढोरजा क्षेत्र में डेयरी और बकरी पालन व्यवसाय को अनुकूल बताते हुए इसे प्रोत्साहित करने के साथ अन्य ट्रेडों में भी प्रशिक्षण देने की बात कही गई। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रशिक्षणार्थियों को बैंक ऋण और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनाओं के तहत भी कर्ज मुहैय्या कराया जाएगा। प्रशिक्षण में 25 लोग शामिल थे। वहां आरसेटी के सहायक राजेश पंत सहित तमाम ग्रामीण मौजूद थे।