चंपावत। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन की जिला इकाई और सीएमओ के बीच सोमवार को हुई बैठक के बाद फार्मेसिस्टों की जिला स्तर की तीन मांगों का समाधान हो गया है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने आदेश जारी कर दिए हैं।
एसोसिएशन जिलाध्यक्ष सुरेश जोशी की अध्यक्षता और जिला मंत्री मनोज कुमार के संचालन में हुई बैठक में फार्मेसिस्टों ने तीन वर्ष बीतने के बाद भी यात्रा देयकों का भुगतान नहीं होने पर आक्रोश जताया। उन्होंने दूरस्थ अस्पतालों और उपकेंद्रों तक विभागीय वाहनों से रोड हेड तक आवश्यक दवाओं और सामग्री का ढुलान किए जाने, उप केंद्रों में फर्नीचर और स्टेशनरी की पर्याप्त उपलब्धता किए जाने की मांगों को प्रमुखता से उठाया जिस पर सीएमओ ने तत्काल आदेश जारी कर दिए।
सीएमओ ने कहा कि फार्मेसिस्ट स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। बैठक में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के भूपेंद्र प्रकाश जोशी, फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय संगठन मंत्री डॉ. सतीश पांडेय, शेखर सिंह सार्की, जितेंद्र वर्मा, रोशन लाल विश्वकर्मा, मीनू राणा, गिरीश खर्कवाल, अनीता अधिकारी, ज्योति नरियाल, मृत्युंजय वर्मा, मनोज पुनेठा, योगेश कन्नौजिया, अनिल वर्मा, प्रेम राम टम्टा, कुलदीप राय, लक्ष्मण गिरि आदि थे।