लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट में बीएसएनएल ब्रॉडबैंड सेवा ठप पड़ने से डाकघर का काम करीब एक महीने से प्रभावित चल रहा है। विभाग द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था न करने से लोगों में गुस्सा है। लोगों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को डाकघर में तालाबंदी की। चेतावनी दी कि यदि डाक विभाग की ओर से शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
व्यापार संघ अध्यक्ष संजय वर्मा के नेतृत्व में वक्ताओं का कहना था कि पिछले एक माह से सेवा सुचारु नहीं हुई है। दूरदराज से लोग अपना धन और समय बर्बाद कर डाकघर में लेन देन के लिए आते हैं, लेकिन उन्हें रोज निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि जब तक बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा ठीक नहीं हो जाती, तब तक डाकघर को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कामकाज कर लोगों को राहत दी जानी चाहिए। तालाबंदी करने वालों में प्रकाश भंडारी, कमल अधिकारी, बसंत बल्लभ जोशी, राम सिंह, रजत वर्मा आदि थे। डाकघर के उप डाकपाल कमल किशोर का कहना है कि दिक्कतों से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।