टनकपुर (चंपावत)। यातायात सुरक्षा के नाम पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए ट्रक आपरेटर, चालक पुलिस व परिवहन विभाग के खिलाफ बृहस्पतिवार से सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने अपने ट्रकों व अन्य वाहनों को सड़क किनारे खड़े कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश पर सड़क सुरक्षा के नाम कार्रवाई कर पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा ट्रक आपरेटरों व चालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जो अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया है कि उत्पीड़न बंद न किए जाने तक वे विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
ट्रक आपरेटरों व चालकों का कहना है कि सड़क सुरक्षा की आड़ पर कदम-कदम पर वाहनों की चेकिंग व एमबी एक्ट के तहत कार्रवाई कर परेशान किया जा रहा है। विशेषकर चंपावत जिले में पुलिस द्वारा ट्रक आपरेटरों व चालकों का ज्यादा ही उत्पीड़न करने पर उतारू है। चालकों के लाइसेंस रद्द किए जा रहे हैं, जिससे आनर्स को हर दिन नया चालक तलाशाना पड़ रहा है। वहीं एक ही दिन में तीन-तीन एमबी एक्ट के तहत तीन-तीन बार कार्रवाई की जा रही है। इतना ही नहीं पहेनिया टोल टैक्स में भी ओवरलोडिंग के नाम पर एक-एक हजार रुपये अवैध तरीके से वसूला जा रहा है, जिसकी संचालकों द्वारा रसीद तक नहीं दी जा रही है। ऐसी स्थिति में गाड़ी मालिक घाटा खाकर वाहन नहीं चला सकते। विरोध करने वालों में ट्रक आपरेटर संजय शर्मा, उमेश पाटनी, मनोज पुनेड़ा, भवान सिंह महर, कुलदीप महराना, विनोद बिष्ट, बीरू चंद, शकील अहमद, दीवान सिंह, उमेश पाटनी, गोपाल अग्रवाल, परवीन चंद, गिरीश मेहरा, भपेंद्र कुंवर आदि शामिल हैं।
चंपावत, पिथौरागढ़ जिले के ट्रक आपरेटर बैठक आज टनकपुर में
टनकपुर। सड़क सुरक्षा के नाम पर उत्पीड़न के विरोध में चंपावत व पिथौरागढ़ जिले के ट्रक आपरेटर टनकपुर में एकत्र होंगे। ट्रक आपरेटर विरेंद्र चंद बीरू ने बताया कि शुक्रवार को बैठक कर अग्रिम रणनीति तय की जाएगी।