टनकपुर (चंपावत)। सांप पकड़ने में माहिर शारदा रेंज के वन कर्मी विजय वेंसन को कोबरा सांप ने काट लिया। वह पीलीभीत चुंगी के पास आमबाग मार्ग पर महाकाली टायर सर्विस में बृहस्पतिवार सुबह घुसे कोबरा को पकड़ रहा था। उसने सांप को पकड़ लिया था, इसी बीच सांप ने वन कर्मी विजय के बाएं हाथ में काट लिया। सांप के काटते ही वहां मौजूद लोगों ने विजय के हाथ को ट्यूब की रबड़ से कसकर बांध लिया और उसे संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी की देखरेख में डॉ. हेमंत शर्मा, डॉ. मानवेंद्र, डॉ. वीके जोशी, डॉ. दीपक गहतोड़ी ने उसका इलाज शुरू किया। इधर, विजय को सांप के काटने की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारी और कर्मचारी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। इलाज के बाद डॉक्टरों ने विजय की हालत खतरे से बाहर बताई है। फिलहाल उसे अस्पताल में ही भर्ती रखा गया है। ब्यूरो
महिला का सांप ने काटा
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। गेठिगाड़ा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर देवकी देवी को सांप ने काट लिया। महिला को झूलाघाट के अस्पताल लाया गया। अस्पताल में सांप के काटने का एंटी डोज नहीं होने से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला की हालत चिंताजनक बनी है। घाटी वाला क्षेत्र होने के कारण क्षेत्र में आए दिन सांप के काटने की घटनाएं होती रहती हैं। व्यापार संघ कोषाध्यक्ष दीपक इजरवाल ने अस्पताल में एंटी डोज रखने की मांग की है। ब्यूरो