चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिन्याड़ी के पास मंगलवार दोपहर बाद आए आंधी-तूफान के कारण एक पेड़ टूट कर बिजली की लाइन में गिर गया। इससे हाईटेंशन लाइन का मुख्य तार टूट गया, जिससे क्षेत्र के कई गांवों की बिजली गुल हो गई है। लाइनमैन ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी, जिसके बाद ऊर्जा निगम की टीम क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत के लिए मौके पर रवाना हो गई है। क्षेत्रवासी संजय चौड़ाकोटी ने बताया कि तार टूटने से सिलाड़, सिन्याड़ी, बृजनगर, कटुजांपानी, बमनजौल, आमखर्क, श्यामलाताल आदि गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
दिन भर रंग बदलता रहा मौसम
चंपावत। मंगलवार को जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में मौसम दिन भर रंग बदलता रहा। सुबह जहां मौसम साफ होने के साथ चटख धूप खिली वहीं दस बजे बाद आसमान में बादलों ने डेरा डाल दिया। दोपहर को गरज चमक के साथ झमाझम बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। इस बीच कई स्थानों में ओलावृष्टि के कारण फसलों और बागवानी को काफी नुकसान पहुंचा है। स्वांला, बडोली, धौन, बजौन, अमोड़ी क्षेत्र में भी कई स्थानों पर खंड बारिश से नुकसान पहुंचा है।
लगातार हो रही बारिश से दावाग्नि का खतरा हुआ कम
चंपावत। जिला मुख्यालय और आसपास के स्थानों में बीते कुछ दिनों से लगातार अंतराल में हो रही बारिश से वनों में दावाग्नि का खतरा कम हुआ है। वहीं पेयजल योजनाओं के मूल स्रोतों, भूमिगत जल स्रोतों को भी पुनर्जीवन मिला है। उद्यान विशेषज्ञ भूपेंद्र प्रकाश जोशी के अनुसार हालिया बारिश आलू काश्तकारों के लिए फायदेमंद रहेगी। काश्तकारों को अन्य सब्जियों की नर्सरी खेतों में फैलाने के लिए उपयुक्त माहौल बना हुआ है।