लोहाघाट (चंपावत)। जंगली सुअरों के उत्पात के चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जंगली सुअर लगातार किसानों की फसलों को चौपट कर रहे हैं। नेपाल सीमा से लगे बगोटी गांव में जंगली सुअरों ने आलू की फसल बर्बाद कर दी। परेशान ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी मेहनत से आलू की फसल बोई थी, मगर शनिवार को सुअर पूरी फसल चट कर गए। हरीश चंद्र पांडेय, पूर्णानंद पांडेय, यशोधर पांडेय, जगदीश चंद्र, दीनानाथ, चरणदत्त, मनोहर पांडेय, दिवान सिंह, जयराम, रूप राम, सुभाष राम आदि ग्रामीणों का कहना है कि महंगे दामों में बीज खरीद कर लगाने के बाद जानवरों के उत्पात ने उन्हेें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने पीड़ित किसानों को मुआवजा देने के साथ कृषि ऋण माफ करने की मांग की है। वहां पीतांबर पांडेय, नारायण दत्त, डुंगर सिंह, देव सिंह, प्रवीण पांडेय आदि थे।