चंपावत। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नायल की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत नहीं होने से यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है। स्कूल की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत की मांग को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने डीएम, मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेजा है।
अभिभावकों की ओर से विधायक कैलाश गहतोड़ी के समक्ष भी स्कूल की छत की मरम्मत की गुहार लगाई है। ग्राम प्रधान हेमा देवी और स्कूल प्रबंध समिति अध्यक्ष नारायण दत्त भट्ट की अगुवाई में दिए गए ज्ञापन में कहा कि प्रबंध समिति के बार-बार आग्रह के बाद भी शिक्षा विभाग की ओर से छत की मरम्मत के लिए धनराशि अवमुक्त नहीं की जा रही है।
वर्तमान में स्कूल में 45 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। प्रत्येक वर्ष बरसात में छत टपकने से अध्ययन कार्य प्रभावित होता है। छत के जीर्ण-शीर्ण होने के कारण कभी भी छत गिर सकता है। छोटे बच्चों के भविष्य और संभावित खतरे को देखते हुए लोगों ने छत की मरम्मत किए जाने की मांग उठाई है।
ज्ञापन देने वालों में तुलसी दत्त भट्ट, अंबा दत्त, जगदीश चंद्र, गिरधर सिंह, देवी दत्त, चिंताणमी, रामदत्त, हेतराम, ईश्वरी दत्त आदि अभिभावक शामिल थे