चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने नगर पालिका, नगर पंचायतों में वार्डों के अनुसार मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतदाता सूची तैयार करने के लिए जिला निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण एवं नोडल अधिकारियों को नामित कर दिया है।
नगरपालिका एवं नगर पंचायतों के लिए एडीएम को जिला निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा को नगरपालिका चंपावत, एसडीएम लोहाघाट को नगर पंचायत लोहाघाट तथा एसडीएम टनकपुर को नगरपालिका टनकपुर और नगर पंचायत बनबसा आवंटित कर दी गई है। तहसीलदार चंपावत को चंपावत नगरपालिका, लोहाघाट को नगर पंचायत लोहाघाट तथा तहसीलदार टनकपुर को नगरपालिका टनकपुर और नगर पंचायत बनबसा आवंटित कर दी गई है। स्थानीय निकायों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं नोडल अधिकारी, अधिशासी अधिकारी करेंगे और प्रादेशिक निर्वाचक क्षेत्र की सीमाओं की स्थिति स्पष्ट करते हुए उसका निराकरण करेंगे।
उन्होंने बताया है कि जिला निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुपालन में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, नोडल अधिकारियों के कार्यों पर निगरानी रखने के साथ समन्वय बनाए रखेंगे।