कहा, पक्की नाली नहीं बनने से सड़क पर आ रहा है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। लोक निर्माण विभाग पोखरी की ओर से बिना नाली बनाए ही डामरीकरण करने का सेमी-ग्वाड़ के युवाओं ने विरोध किया। युवाओं ने यहां पक्की नाली बनाने की मांग की। बाद में ईई ने जल्द नाली निर्माण का आश्वासन दिया और इसके बाद युवाओं ने काम करने दिया।
कर्णप्रयाग-पोखरी मार्ग पर लोनिवि की ओर से वर्तमान में डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था आरजीबीएल की ओर से देवतोली से पोखरी की ओर डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। सेमी ग्वाड़ में डामरीकरण शुरू हुआ ही था कि युवाओं ने डामरीकरण का कार्य रोक दिया। सुनील कुमार, नरेंद्र कुमार, अंकित कुमार, राहुल कुमार आदि ने कहा कि विभाग की ओर से सड़क किनारे पक्की नाली नहीं बनाई गई है। ऐसे में नाली का पूरा पानी सड़क पर आ रहा है। वहीं गांव के पास डेंजर जोन पर क्रश बैरियर नहीं लगाए गए हैं। इस दौरान करीब आधे घंटे तक काम रुका गया। वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने फोन पर बात की गई तो उन्होंने युवाओं को जल्द पक्की नाली बनाने का आश्वासन दिया। इसके बाद युवा माने और डामरीकरण शुरू हुआ। इसके बाद जिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया जाएगा।