चीन के शंघाई शहर से ढूंगाखोली गांव लौटे एक युवक के सीएचसी थराली में जांच के लिए पहुंचने पर हड़कंप मच गया। हालांकि उसमें कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं मिले हैं फिर भी डाक्टरों ने युवक को होम क्वारंटीन में रहने को कहा है।
ढूंगाखोली गांव निवासी एक युवक चीन के शंघाई शहर में नौकरी करता है। वह कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे वह सीएचसी थराली में एक अन्य व्यक्ति के साथ अपनी जांच कराने के लिए आया तो अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने तुरंत उसके स्वास्थ्य की जांच की लेकिन युवक में कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं मिलने पर राहत की सांस ली। सीएचसी थराली की डॉ. पूनम टम्टा ने बताया कि युवक को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में रहने व जांच कराने के लिए कहा। उस पर डॉक्टरों की कड़ी निगरानी है। इसके अलावा सीएचसी थराली में विदेशों, अन्य राज्यों व जिलों से आए 50 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
बाहर से आने वालों पर स्वास्थ्य विभाग की कड़ी निगरानी
गौचर/आदिबदरी। कोरोना वायरस के चलते बाहरी क्षेत्रों से जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले लोगों पर प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम कड़ी नजर है। कोरोना संक्रमण के संदिग्ध मरीजों के लिए सीएचसी भवन में 15 बेड को आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां मल्टी पैरामोनिरेटर, वेंटिलेटर आदि सभी संसाधनों की व्यवस्था करके चार डाक्टरों व सात फार्मेसिस्टों सहित 15 से अधिक मेडिकल स्टॉफ को ड्यूटी पर तैनात किया है।