गोपेश्वर में परिवहन व बाल विकास के द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह में ट्रैफिक नियमों की जानकारी देत?
- फोटो : GOPESHWAR
सोमवार को गोपेश्वर और कर्णप्रयाग में यातायात नियमों के पालन कराने का अनोखा तरीका अपनाया गया। यमराज और गणेश का वेश धारण कर लोगों को यातायात के नियमों के बारे में बताया। यमराज ने बताया कि यदि यातायात नियमों का पालन नहीं करोगे तो दुर्घटनाएं हो सकती हैं और यमराज उठाकर ले जा सकते हैं। गणेश के वेश में बताया गया कि गणेश जी को तो दूसरा सिर मिल गया था, लेकिन आपको नहीं मिलेगा, इसलिए हेलमेट जरूर पहनें।
गोपेश्वर में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के नेतृत्व में परिवहन और बाल विकास विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान परिवहन विभाग के विपुल शर्मा गणेश जी और राकेश नेगी यमराज बने। उन्होंने पेट्रोल पंप और बस स्टेशन के पास लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया। गणेश जी ने हेलमेट की महत्ता बताई तो यमराज ने लोगों को यातायात के नियम बताए। उन्होंने यातायात नियमों के पालन के संबंध में पर्चे भी बांटे। वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत दोपहिया वाहन चला रही बालिकाओं को डीएम ने हेलमेट देकर हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करने को कहा। इस दौरान डीपीओ संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
20 चालान और 15 लाइसेंस जब्त
गोपेश्वर। एआरटीओ एल्विन रॉक्सी ने लोगों को सड़क सुरक्षा संबंधी पर्चे बांटकर जागरूक किया। वहीं विभाग के प्रवर्तन दल ने सीट बेल्ट और हेलमेट न पहनने पर गोपेश्वर और कर्णप्रयाग क्षेत्रों में करीब 20 वाहनों के चालान किए। बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने पर 15 लोगों के लाइसेंस जब्त किए गए।
गोपेश्वर में परिवहन व बाल विकास के द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह में ट्रैफिक नियमों की जानकारी देत?- फोटो : GOPESHWAR