कपीरी पट्टी के पारतोली गांव में भालू से जान बचाने के लिए दौड़ी एक महिला की खाई में गिरने से मौत हो गई। ग्रामीणों मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग उठाई।
किमोली वार्ड के क्षेत्र पंचायत सदस्य बृजेश बिष्ट ने बताया कि पारतोली गांव की बीना देवी (45) पत्नी संग्राम सिंह पुंडीर गांव की अन्य महिलाओं के साथ बृहस्पतिवार दोपहर को जंगल में घास लेने के लिए गई थी। इसी दौरान भालू ने घात लगाकर बीना देवी पर हमला करने की कोशिश की लेकिन बीना भालू के हमले से जान बचाने के लिए वहां दौड़ पड़ीं। कुछ दूरी पर वह अचानक खाई में जा गिरी। बीना देवी की चीख सुनकर साथ में गईं महिलाएं मौके पर पहुंचीं। तब तक भालू वहां से भाग गया था। महिलाओं ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने घायल बीना देवी को खाई से निकालकर वाहन से सीएचसी कर्णप्रयाग पहुंचाया, जहां महिला ने दम तोड़ दिया। सीएचसी कर्णप्रयाग के डॉ. मनोज मिश्रा ने बताया कि बीना देवी के सिर पर गंभीर चोट आई थी। उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार भालू की दहशत बनी है। कई लोग जंगली जानवरों के हमले में घायल हो चुके हैं। उन्होंने मृतक महिला के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।