कर्णप्रयाग के 4 गांवों में 14 दिन से बनी पेयजल किल्लत, यहां रात में आ रहा बहुत कम पानी
ग्रामीण दो किमी दूर स्रोत से ला रहे पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। ब्लॉक के कांडा-मैखुरा गांव के तल्ला दशोली पट्टी के चार गांवों में दो सप्ताह से पेयजल किल्लत बनी है। यहां स्रोत पर पानी बहुत कम हो गया है। गर्मी होने के कारण दोपहर में पानी नहीं आता। यहां रात के समय बहुत कम पानी आता है और कुछ ही गांवों में आ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को दो किमी दूर स्रोत से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
ग्रामीण गिरीश मैखुरी, दिनेश मैखुरी, जितेंद्र कुमार, अनुसूया लाल आदि ने कहा कि चोपड़यूं, सेम, गनोली और चौंडी गांव के पेयजल स्रोत पर पानी बहुत कम हो गया है। ऐसे में दिन में लाइनों में पानी नहीं आ रहा है और स्टैंड पोस्ट सूखे हैं। रात में बहुत कम पानी आता है जो कुछ ही घरों में पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो सप्ताह से समस्या और भी गहरा गई है। ऐसे में यहां दो किमी दूर एक प्राकृतिक स्रोत है जिससे पानी ढोने को विवश हैं। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी ने जलसंस्थान के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिनेश पुरोहित ने बताया कि पेयजल किल्लत वाले गांवों में टैंकर भेजे जाएंगे।
लाइनों में लीकेज से बरबाद हो रहा पानी
श्रीनगर। कई स्थानों पर पाइप लाइन लीक होने से बड़ी मात्रा में पानी बरबाद हो रहा है। ऐसे में कई जगहों पर पेयजल किल्लत बनी है। स्थानीय निवासी रविंद्र डोबरियाल व कमलेश कुमार ने कहा कि पाइप लाइन लीकेज ठीक नहीं होने से पेयजल किल्लत बनी है। पराग क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के समीप लाइन से पानी लीक हो रहा है, वहीं श्रीनगर-पौड़ी मार्ग पर उफल्डा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे लाइन से पानी सड़क पर बह रहा है। इसके अलावा नगर में कई जगहों पर पेयजल समस्या बनी है। उन्होंने जल संस्थान से पाइप लाइनों के लीकेज जल्द बंद कराने की मांग की। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता कृष्णकांत का कहना है कि पेयजल लाइन पर अधिकतर लीकेज बंद कर दिए गए हैं। एयर प्रेशर के लिए कुछ स्थानों पर पाइप पर कट लगाया गया है। अगर कही इस तरह की समस्या होगी तो इसे शीघ्र ठीक करवाया जाएगा। संवाद
हैंडपंप दोबारा शुरू करने की मांग
नौगांव (उत्तरकाशी)। नगर पंचायत में पेयजल संकट से नगरवासी परेशान हैं। उन्होंने टैंकरों से नियमित पेयजल आपूर्ति करने और आठ माह पूर्व पार्किंग निर्माण में जमींदोज हुए हैंडपंप को दोबारा शुरू करने की मांग की। उन्होंने उपजिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में मांग पूरी नहीं होने आंदोलन की चेतावनी दी।
अनुज रावत, प्रवीन पंवार, आनंद परमार, सुरेंद्र पंवार, पवन सिंह, श्याम सिंह, संजय रावत, लोकपाल रावत आदि ने कहा कि आठ माह पहले वाहन पार्किंग के निर्माण कार्य के दौरान एक हैंडपंप मलबे में दब गया था। कार्यदायी संस्था लोनिवि ने तत्काल दूसरा हैंडपंप लगाने का आश्वासन दिया था जो अभी तक नहीं लगाया गया। कहा कि मुख्य बाजार में पीने के पानी की सुविधा नहीं है। व्यापारी कई साल से इसी हैंडपंप से अपनी प्यास बुझा रहे थे। अब एक सप्ताह से पेयजल संकट बना है। जल संस्था के टैंकर से भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। संवाद