रुद्रप्रयाग ग्वेफड़ में हर घर नल योजना के तहत पहुंचा पानी - संवाद
- कार्य योजना पूर्ण होने पर ग्रामीणों को दिलाई गई जल संरक्षण की शपथ ्र
रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत ग्वेफड़ में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना पूरी होने पर जल अर्पण दिवस मनाया गया। गांव में अब हर नल से नियमित जल आपूर्ति शुरू हो गई है। कार्यक्रम में विधायक भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना है अन्य गांवों में भी जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
करीब 70 लाख की लागत से तैयार की इस योजना को जल संस्थान ने ग्राम पंचायत को सौंप दिया। अब योजना का स्वामित्व ग्राम पंचायत के पास रहेगा। ग्राम प्रधान लीला सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में ग्रामवासियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शीला रावत, उपजिलाधिकारी सोहन सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम नवल कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सैन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र बिष्ट आदि उपस्थित रहे।