जीजीआईसी से लेकर वन विभाग कार्यालय तक निकाला जुलूस, जल संस्थान के खिलाफ किया प्रदर्शन
जल संस्थान कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दुरुस्त की लाइन, सुचारु हुई सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। एक सप्ताह से पानी के लिए भटक रही राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर की छात्राओं ने विद्यालय परिसर से लेकर वन विभाग कार्यालय तक जुलूस निकाला और जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह से स्कूल में पानी नहीं आ रहा है। पानी पीना हो तो एक किमी दूर जाकर जाना पड़ रहा है। छात्राओं की समस्याओं को देखते हुए जल संस्थान के कर्मी मौके पर पहुंचे और पेयजल लाइन दुरुस्त कर सप्लाई शुरू की।
13 अगस्त की रात को हुई अतिवृष्टि से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब से स्कूल में पानी की सप्लाई ठप है। दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय में पहुंचने वाली छात्राओं को पानी के लिए भटकना पड़ रहा था। कई छात्राएं तो एक किलोमीटर दूर जाकर पीने के लिए पानी लाती हैं। सोमवार को सुबह आठ बजे छात्राएं विद्यालय पहुंचीं और पानी नहीं आने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। जब तक प्रधानाचार्य व शिक्षिकाएं छात्राओं को रोकतीं तब तक वे सड़कों पर उतर आईं। वह जुलूस निकालती हुईं वन विभाग कार्यालय के गेट तक पहुंचीं और जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसकी सूचना जब जल संस्थान के अधिकारियों को मिली तो आनन-फानन में तीन कर्मचारियों को स्कूल भेजा गया और पेयजल लाइन जोड़कर आपूर्ति शुरू कर दी गई। प्रधानाचार्य ललित मोहन बिष्ट ने बताया कि छात्राओं के साथ ही शिक्षिकाएं भी पीने के पानी के लिए परेशान थीं। जल संस्थान के कर्मियों की ओर से अब पानी की लाइन सुचारु कर दी गई है।