दशोली ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय लासी, नवा सेमडुंग्रा और कन्या जूनियर हाईस्कूल सेमडुंग्रा में अध्यापकों की तैनाती की मांग को लेकर अभिभावकों ने रविवार से क्रमिक धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि कहा कि 30 जुलाई को जनता दरबार में डीएम के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने एक सप्ताह में शिक्षकों की तैनाती का आश्वासन दिया था लेकिन 15 दिन बाद भी शिक्षक नहीं भेजे गए।
ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर ने कहा कि इन विद्यालयों में लंबे समय से एकल शिक्षक तैनात हैं और इन्हें विभागीय कार्यों के लिए बार-बार इधर उधर जाना पड़ता है। इसके अलावा मिड डे मील का काम भी देखना होता है जिससे विद्यालय में पठन-पाठन का काम प्रभावित हो गया है। इसके चलते ग्रामीणों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ा है। धरने पर बैठने वालों में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, मनवीर सिंह, रणवीर सिंह, विरेंद्र बिष्ट, रीना देवी, चंपा देवी, संगीता देवी, पुष्पा देवी, दीपक सिंह रावत, धीरज सिंह, जसवंत सिंह, बसंती देवी, धनवंती देवी और नयन सिंह कुंवर आदि उपस्थित रहे।
जिला स्तर पर काउंसिलिंग के जरिए प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। कोर्ट के निर्देश पर नियुक्ति प्रक्रिया रुकी है। जैसे ही हमें शिक्षक मिल जाएंगे, उन्हें प्राथमिकता वाले विद्यालयों में भेज दिया जाएगा।