लाता में रात के समय मशीनें चलाने और खनन करने का विरोध
विज्ञापन
खान अधिकारी ने क्रशर संचालक को नोटिस जारी करने की बात कही
संवाद न्यूज एजेंसी-
गोपेश्वर। नीती घाटी के लाता गांव में रात के समय क्रशर मशीन का संचालन और खनन किए जाने पर स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला खान अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। विरोध के चलते ग्रामीणों ने क्रशर से निकली सामग्री को भी मौके से बाहर नहीं जाने दिया। वहीं, मामला बढ़ने पर वन विभाग की टीम ने उपखनिज से भरे पांच ट्रकों को पकड़ लिया।
जिला खान अधिकारी अंकित चंद्र ने बताया कि मामले में क्रशर संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। क्रशर परिसर में जेसीबी के संचालन की अनुमति निरस्त करने के लिए उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ को आख्या भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि अब वह स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। साथ ही क्रशर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी ताकि रात में संचालन और खनन की स्थिति स्पष्ट हो सके।