जल विद्युत परियोजना में काम करने के लिए आया था पीपलकोटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी। शनिवार रात को निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना के समीप असम का एक मजदूर पैर फिसलने के कारण खाई में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में असम की एक कंपनी निर्माण कार्य में जुटी है। कंपनी के ठेकेदार के साथ काम करने के लिए असम से कुछ मजदूरों की टीम पीपलकोटी पहुंची हुई थी। शनिवार रात को एचसीसी कंपनी परिसर के समीप पैदल रास्ते से गुजरते वक्त सोनितपुर, असम निवासी मोहन लोहार (45) पुत्र बुद्धू लोहार पैर फिसलने के कारण गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना अन्य मजदूरों ने पुलिस को दी। इसके बाद ज्योतिर्मठ से मुख्य आरक्षी महेश ऐठानी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
रात होने के कारण उसका पता नहीं चल पाया। रविवार सुबह फिर क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और व्यक्ति का शव खाई से बरामद किया गया। चमोली थानाध्यक्ष मनोज सिरोला ने बताया कि मृतक एक ठेकेदार के साथ काम करने के लिए असम से आया था। तैनाती से पहले ही वह दुर्घटना का शिकार हो गया।