थराली। सड़कों पर छोड़े गए आवारा गोवंश के लिए सूना गांव के ग्रामीणों ने संरक्षण का संकल्प लिया है। ग्रामीणों ने गो सहायता के लिए घी संक्रांति समूह बनाया। इसके बाद जनसहयोग से गोशाला का निर्माण किया। अब यहां 27 लावारिस गोवंश और मवेशी रखे गए हैं।
थराली, देवाल, नारायणबगड़ के बाजारों में इन दिनों गोवंश और लावारिस मवेशी अधिक संख्या में घूम रहे हैं। ऐसे में जहां लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं वहीं गोवंश भी कई बार वाहनों की टक्कर से घायल हो जा रहे हैं। इसको देखते हुए सूना ग्राम पंचायत के युवाओं ने गो संरक्षण का संकल्प लिया और घी संक्रांति समूह बनाया और जनसहयोग से गोशाला का निर्माण किया। अब यहां नगर में घूम रहे 27 आवारा गोवंश व मवेशियों को रखा गया है। यह कार्य नव संवत्सर पर शुरू किया गया है। गोसेवा से जुड़े समूह के अध्यक्ष कैलाश देवराडी, नंदा बल्लभ, प्रेमचंद्र, घनानंद व पवन बताते हैं कि इन गायों के लिए चारा, पानी की भी व्यवस्था की गई है।