जोशीमठ ब्लाक के ह्यूणा, पोखनी और लॉजी गांव के ग्रामीण स्वीकृति के बाद भी सड़क के लिए तरस रहे हैं। सड़क के अभाव में ग्रामीण सात किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर सड़क तक पहुंचते हैं।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के आंदोलनों के बाद वर्ष 2018 में शासन ने पाखी-ह्यूणा-पोखनी-लॉजी (10 किलोमीटर) सड़क को मंजूरी दी थी, लेकिन आज तक इस पर काम शुरू नहीं हो पाया है। वर्ष 2020 में केंद्र सरकार ने भी सड़क निर्माण के लिए अपनी सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी, लेकिन सड़क निर्माण की कार्रवाई अभी तक शुरू नहीं हुई है। पोखनी गांव के ग्राम प्रधान संदीप सिंह का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए बदरीनाथ विधायक से लेकर लोनिवि तक गुहार लगाई, लेकिन इस ओर कोई काम शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों को सड़क के अभाव में अपने गंतव्य तक जाने के लिए करीब सात किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कत अस्वस्थ लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में हो रही है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई।
पाखी-ह्यूणा सड़क की कार्रवाई गतिमान है। सड़क की सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है, लेकिन यहां अलकनंदा पर मोटर पुल का निर्माण भी होना है। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। - मुकेश परमार, अधीक्षण अभियंता, लोनिवि, गोपेश्वर, चमोली।