आंदोलन के 19वें दिन बनी बात, अनशनकारियों को ले गए अस्पताल
कर्णप्रयाग और थराली विधायक बोले, जल्द सीएम से करेंगे बात
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। विनायक धार में 5 किमी सड़क के लिए 5 फरवरी से शुरू हुआ आंदोलन कर्णप्रयाग और थराली विधायकों के आश्वासन पर 19वें दिन खत्म हो गया। दोनों विधायकों ने मामले को लेकर जल्द सीएम से मुलाकात का आश्वासन दिया। इसके बाद विधायकों ने अनशनकारी अवतार सिंह, राकेश और मनोज को जूस पिलाकर अनशन खत्म करवाया। बाद में तीनों अनशनकारियों को अस्पताल ले जाया गया।
शुक्रवार को कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल व थराली विधायक भूपाल राम टम्टा विनायक धार पहुंचे। देवपुरी से 14 किमी आगे विनायक धार के जंगल में ग्रामीण बीते 5 फरवरी से आंदोलन पर थे। ग्रामीणों की मांग थी खनसर को पिंडर के थराली से मिलाने वाली विनायक धार-कस्बीनगर सड़क का निर्माण किया जाए। इस पर विधायकों ने सड़क की सभी सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने का आश्वासन दिया। कहा कि मामले में सीएम से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस पर ग्रामीण माने और तीनों अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया। इस दौरान आंदोलन के अध्यक्ष हरेंद्र कंडारी, संघर्ष समिति के शयन सिंह, ब्लाॅक प्रमुख शशि सौरियल, जिला पंचायत सदस्य अवतार पुंडीर, चंद्र सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय रावत, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष महावीर रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष पान सिंह, गंगा सिंह, बलवीर रावत, ममंद मालकोट की महिलाएं, थराली व कस्बीनगर के लोग तथा एसडीएम गैरसैंण संतोष कुमार पांडेय, पीडब्ल्यूडी के अभियंता जेपी थपलियाल आदि मौजूद रहे।