विभागीय अधिकारियों से 15 दिनों में कार्रवाई की उठाई मांग
रैली निकाली, बोले-वर्षों से सड़कों पर नहीं हुआ डामरीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
थराली। उत्तराखंड क्रांति दल ने थराली विधानसभा क्षेत्र की बदहाल ग्रामीण सड़कों को लेकर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी ने विभागीय अधिकारियों से 15 दिनों में कार्रवाई करने की मांग की और लिखित जवाब मांगा।
उत्तराखंड क्रांति दल के सांगठनिक जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थराली तिराहे से लोनिवि कार्यालय तक रैली निकाली। इसके बाद लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नारायणबगड़, देवाल, नंदानगर और थराली विकासखंड की कई ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया गया। उन्होंने कहा कि कई सड़कों पर वर्षों से डामरीकरण नहीं हुआ है। कई मार्ग मरम्मत के अभाव में गड्ढों में तब्दील हो गए हैं। इससे ग्रामीण जनता, स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने देवाल विकासखंड की करीब 15 ग्रामीण सड़कों के डामरीकरण एवं सुधारीकरण का मामला भी उठाया। दल ने विभाग से बजट स्वीकृति, निर्माण कार्यों में देरी के कारणों और लंबित डीपीआर की जानकारी मांगी। इस दौरान केंद्रीय उपाध्यक्ष भूपाल सिंह गुसाईं, उपाध्यक्ष डीडी उनियाल, कार्यकारी अध्यक्ष दर्शन शाह, देवाल के कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम वल्लभ देवराड़ी, केंद्रीय सचिव त्रिभुवन सिंह नेगी, नारायणबगड़ के अध्यक्ष महिधर प्रसाद चमोला, जिला महामंत्री लक्ष्मी प्रसाद रतूड़ी, वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहन राम आर्य आदि मौजूद रहे।