गोपेश्वर। चारधाम यात्रा सीजन के दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ज्योतिर्मठ में जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से लागू किया गया गेट सिस्टम प्रभावी साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों ने इस व्यवस्था को जाम से राहत दिलाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।
यात्रा शुरू होने के 43 दिनों के भीतर 9,08,619 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम तथा 55,411 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। प्रतिदिन 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने से बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा था। ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच बार-बार लगने वाले जाम को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर तहसील प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से गेट सिस्टम लागू किया। इसके तहत निर्धारित अंतराल पर एक तरफ से वाहनों का संचालन किया जा रहा है जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी है। वहीं ब्रह्मकपाल तीर्थपुरोहित संगठन के अध्यक्ष अमित सती सहित स्थानीय व्यापारियों ने भी प्रशासन की पहल की सराहना की है। डीएम ने यात्रियों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। संवाद