गैरसैंण। अस्पताल गैरसैंण में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए हुई सर्वदलीय बैठक में दो सितंबर को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। कहा गया कि लगातार मांग के बावजूद अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर नहीं हो रही हैं। स्थिति यह है कि गैरसैंण अस्पताल प्रबंधन अस्पताल में सुरक्षित प्रसव तक नहीं करवा पा रहा है। न ही बीते शनिवार को मृत बच्चा होने और प्रसूता की मौत पर प्रबंधन स्पष्ट जवाब दे पा रहा है।
ब्लाॅक सभागार में आयोजित बैठक में कहा गया कि बीते रविवार को जब अस्पताल प्रबंधन से वार्ता की गई तो प्रबंधन ने एसीएमओ की अध्यक्षता में एक सितंबर को बैठक होने की बात कही लेकिन बैठक में एसीएमओ नहीं आए। ऐसे में साफ है कि मौत के मामले में अस्पताल प्रबंधन जवाबदेही से बच रहा है। अब दो सितंबर को अस्पताल में व्यवस्थाएं बेहतर करने की मांग के लिए प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत, नपंअ मोहन भंडारी, व्यापार संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, जिपंस सुरेश कुमार बिष्ट, हरेंद्र कंडारी, हीरा सिंह फनियाल, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दान सिंह नेगी और सभासद मंगल नारायण आदि मौजूद रहे। संवाद