इंजीनियरों और निगरानी समिति ने किया स्कूल का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
थराली। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज थराली के लिए स्वीकृत तीन कक्षों वाले भवन निर्माण के लिए सिंचाई विभाग के इंजीनियरों के साथ कॉलेज की निगरानी समिति ने निरीक्षण किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि अतिशीघ्र भवन निर्माण का कार्य शुरू किया जाए जिससे बरसात से पहले छात्र-छात्राओं को बैठने की सुविधा मिल सके।
12 सितंबर 2023 को कॉलेज का मुख्य भवन अचानक भरभराकर गिर गया था। उसके बाद से ग्रामीण स्कूल भवन निर्माण की मांग करते आ रहे थे। इस बीच बच्चे खुले बरामदे और लैब में पढ़ रहे थे। लगातार मांग के बाद डीएम ने तीन कक्षों के निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की। टेंडर प्रक्रिया के बाद इसके लिए एक निगरानी समिति का निर्माण किया गया और सोमवार को हुए निरीक्षण में सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने स्थलीय निरीक्षण कर भवन के डिजाइन के बारे में बताया। इस मौके पर प्रधानाचार्य महिपाल फर्स्वाण, सहायक अभियंता कुलदीप सिंह रावत, पीटीए अध्यक्ष कमलेश देवराड़ी, दीपा पटवाल, पूजा पुरोहित, सुनीता रावत, प्रेमबल्लभ, जयवीर सिंह, अर्जुन सिंह रावत, रमेश जोशी आदि मौजूद थे। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता प्रेम जोशी ने कहा कि इसी सप्ताह से कार्य शुरू करने का प्रयास है।