टैक्सी संचालकों ने खड़े कर दिए वाहन, गोपेश्वर से नंदप्रयाग जाने के लिए एक घंटे तक लोगों ने झेली दिक्कत
पालिका अध्यक्ष से हुई वार्ता, 7 वाहन पार्किंग में और 4 सड़क किनारे खड़े रहने पर बनी बात
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। मुख्य तिराहे पर नगर पालिका की पार्किंग में वाहन खड़े न करने देने पर पालिका और टैक्सी यूनियन में करीब एक घंटे तक तनातनी का माहौल रहा। टैक्सी संचालक अपने वाहनों को एक जगह खड़ा कर नगर पालिका के कार्यालय वार्ता के लिए पहुंचे तो इस दौरान गोपेश्वर से नंदप्रयाग तक लोगों को गंतव्य तक जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। वार्ता के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने चालकों को आश्वासन दिया कि 7 वाहन पार्किंग और 4 सड़क किनारे खड़े किए जाएंगे। तब जाकर मामला शांत हुआ।
दरअसल नगर पालिका की ओर से नगर के मुख्य तिराहे की पार्किंग को ठेके पर दे दिया है जिससे ठेकेदार ने यहां अनावश्यक वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर लोहे की जंजीर लगा दी। इस पर वाहन चालकों ने आपत्ति दर्ज की। कहा कि उनके वाहनों को पार्किंग से बाहर किया जा रहा है जिससे वाहन संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। मंगलवार को वाहन चालकों ने सुबह करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद कर दी और नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत से भेंट की। इस दौरान चमोली बाजार, नंदप्रयाग, बछेर और गोपेश्वर में लोग वाहनों के इंतजार में खड़े रहे। वार्ता के दौरान अध्यक्ष ने कहा कि संपर्क मार्गों पर जाने वाले वाहनों को पार्किंग में खड़ा किया जाएगा जबकि वाहन की रवानगी के दौरान वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाएंगे जिस पर चालकों ने सहमति जताई और काम पर लौट आए। इस मौके पर गोपीनाथ टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत के अलावा कई टैक्सी चालक मौजूद रहे।
इंसेट
लोकल वाहनों की आवाजाही बाईपास से कराने की मांग
गोपेश्वर। चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस की ओर से बनाए गए ट्रैफिक प्लान से स्थानीय वाहन चालक परेशान हैं। गोपीनाथ टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत के नेतृत्व में टैक्सी चालकों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से स्थानीय वाहनों को भी यात्रा वाहनों के साथ लीसा फैक्ट्री वाले बाईपास से भेजा जा रहा है जिससे सुभाष नगर, नैग्वाड़, हल्दापानी, पटियालधार और पीजी कॉलेज क्षेत्र की सवारियों को लंबी दूरी पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। उन्होंने लोकल वाहनों की आवाजाही नगर के जीरोबैंड वाले बाईपास से करने की मांग उठाई। संवाद