बदरीनाथ हाईवे पर लंबे समय से ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य रुका हुआ है। कहीं ठेकेदार ने काम छोड़ा हुआ है तो कहीं प्रशासनिक स्तर पर भूमि का निपटारा न होने से हाईवे का चौड़ीकरण कार्य नहीं हो पा रहा है। ऐसे में आगामी वर्ष की चारधाम यात्रा से पहले कैसे ऑलवेदर रोड परियोजना का कार्य पूरा हो पाएगा इसपर संशय बना हुआ है। पीपलकोटी, नंदप्रयाग और पुरसाड़ी में काम अधूरा होने के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
बदरीनाथ हाईवे पर एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से घोलतीर से हेलंग (85 किमी) तक ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत चौड़ीकरण और सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। पीपलकोटी बाजार में पेट्रोल पंप के पास भू स्वामी से भूमि विवाद होने के कारण नाली निर्माण कार्य आधा-अधूरा पड़ा है जिस कारण यहां चौड़ीकरण नहीं हो पा रहा है। नौरख गांव के लिए जाने वाले रास्ते के समीप पिछले दो माह से दीवार निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन ठेकेदार की ओर से निर्माण कार्य में देरी की जा रही है। ऐसे में यहां एक सप्ताह से काम बंद पड़ा है और बाजार में धूल उड़ रही है। वहीं नंदप्रयाग मुख्य बाजार में भी नाली निर्माण कार्य दो वर्षों से आधा-अधूरा पड़ा है। यहां भूमि विवाद के चलते एनएचआईडीसीएल नाली निर्माण कार्य नहीं कर पा रहा है। पुरसाड़ी में इसी जुलाई माह में बरसात के दौरान करीब 40 मीटर लंबी दीवार भरभराकर गिर गई थी। तब से यहां दीवार निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। यहां पर वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल से हो पा रही है।
पीपलकोटी और नंदप्रयाग में भूमि विवाद को सुलझाने के लिए तहसील प्रशासन को बार-बार लिखा जा रहा है लेकिन अभी तक इस संबंध में तहसील की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है जिससे ऑलवेदर रोड परियोजना का काम पिछड़ रहा है। पीपलकोटी में कार्य की धीमी गति पर संबंधित ठेकेदार से जवाब मांगा गया है। - आरके श्रीवास्तव, उपमहाप्रबंधक, एनएचआईडीसीएल, नंदप्रयाग, चमोली।