प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से चेंजिंग रूम किया बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में अलकनंदा नदी के कटाव से तप्तकुंड के चेंजिंग रूम के नीचे की दीवार ढह गई है। लगातार हो रहे कटाव के कारण चेंजिंग रूम को फिलहाल बंद कर दिया गया है। बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के कार्य से अलकंनदा नदी काफी संकरी हो गई है जिससे नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी उफान पर बह रही है। इससे नदी किनारे लगातार खतरा बना हुआ है।
नदी का जलस्तर बढ़ने से तप्तकुंड के समीप तीर्थयात्रियों के लिए बनाया गया चेंजिंग रूम खतरे की जद में आ गया है। इसके नीचे की दीवार ढह गई है। उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ट ने बताया कि चेंजिंग रूम को फिलहाल बंद कर दिया गया है। नदी का जलस्तर बढ़ जाने से फिलहाल इसका कार्य किया जाना संभव नहीं है। जलस्तर कम होने पर ही इसपर कार्य किया जाएगा।