गोपेश्वर। जिला स्तरीय सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड पब्लिक स्कूल (यूपीएस) गोपेश्वर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की आठ टीमों ने अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में प्रतिभाग किया। यूपीएस गोपेश्वर के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल, अनुशासित खेल और दमदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अब टीम देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय सुब्रतो कप प्रतियोगिता में जनपद चमोली का प्रतिनिधित्व करेगी। विद्यालय प्रबंधक विनोद रावत ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।