बंड विकास मेले की छठवीं सांस्कृतिक संध्या लोक गायिका हेमा नेगी करासी और अमित सागर के नाम रही। इस दौरान जाग नंदा ह्यूं का हिंवाला, जाग नंदा ऊंचा हिवांला... की प्रस्तुति पर लोग भक्ति में लीन हो गए। इसके बाद दोनों गायकों ने एक से बढ़कर एक गीतों व जागरों की प्रस्तुति दी।
लोक गायकों ने जय बदरी विशाल भजन से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। इसके बाद जाग नंदा ह्यूं का हिंवाला, जाग नंदा ऊंचा हिंवाला... की प्रस्तुति पर पंडाल में श्रद्धालु नंदा की भक्ति में लीन हो गए। इसके बाद गिर गेंदुवा, कंचनी कैलाशों, अमरा बांद, मेरी बामणि बामणी, गुड्डू का बाबा, भीमू हे, मोहना गेल्या सहित कई गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन हरीश पुरोहित ने किया। मेले में मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र भंडारी ने कहा कि मेले आपसी मिलन और विकास की सीढ़ी हैं। कहा कि सीमांत जिले चमोली को एक मेडिकल कॉलेज मिलना चाहिए जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने मेले को तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही टीएचडीसी से क्षेत्र में एक अंग्रेजी माध्यम का स्कूल खोलने की मांग भी की। इस दौरान बंड विकास संगठन के अध्यक्ष अतुल शाह, शंभु प्रसाद सती, विजय मलासी, महामंत्री हरेंद्र पंवार, हरीश पुरोहित, हरिबोधनी खत्री, अरविंद नेगी, हरिदर्शन रावत आदि मौजूद रहे।
तिरंगे में जो आए हो, तुम्हारी शान जिंदा है...
बंड मेले में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया यगा। कवि अवनीश मलासी ने तिरंगे में जो आए हो तुम्हारी शान जिंदा है, तुम्हारे प्राण देने से ये हिंदोस्तान जिंदा है..., सागर डंगवाल ने उसे भरम है वह चुटकियों में भरमा लेगी..., धर्मेंद्र उनियाल ने मैं झूला तो खरीद लाया हूं मगर आंगन में शजर नहीं है, कलम क्रांति संस्था की अध्यक्ष कवयित्री शशि देवली ने अपने लहू के एक-एक कण से मैं जय जवान-जय किसान लिखूंगी.., राजा तिवारी ने रात है जवां तन्हा कैसे रहूं..., जैसी कविता पाठ से मेले को देशभक्ति और प्रेम रस में डुबो दिया। संवाद
उत्तराखंड पुलिस, हल्द्वानी, स्पोर्ट्स कॉलेज और रुड़की की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं
बंड विकास मेले में खेल विभाग की ओर से सेमलडाला मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में सोमवार को क्वार्टर फाइनल खेले गए। इसमें उत्तराखंड पुलिस, हल्द्वानी, स्पोर्ट्स कॉलेज और रुड़की की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं।
प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को पहले मुकाबले में उत्तराखंड पुलिस ने वॉलीबाल संघ चमोली को 25-16 व 25-23 से हराया। दूसरे मैच में वॉलीबाल संघ हल्द्वानी ने बंड विकास क्लब पीपलकोटी को 25-10 व 25-13 से हराया। तीसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने बागेश्वर को 25-20 से शिकस्त दी। अगले मैच में वॉलीबाल क्लब झबीरन रुड़की ने गौचर की टीम को 25-18 व 25-23 से जबकि अंतिम मुकाबले में हल्द्वानी ने रुद्रपुर ऊधमसिंह नगर की टीम को 25-18 व 25-19 से हराया। मंगलवार को पहला सेमीफाइनल उत्तराखंड पुलिस और हल्द्वानी जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून व झबीरन रुड़की के बीच खेला जाएगा। उसके बाद फाइनल मैच खेला जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान विधायक राजेंद्र भंडारी, प्रभारी क्रीड़ाधिकारी जयवीर सिंह रावत, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह चौधरी, एनएस नेगी, कमल किशोर, गोपाल बिष्ट, नवीन कुंवर और रमेश पंखोली आदि मौजूद रहे।