उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देश पर हुई कार्रवाई
कई लोग यहां दुकानें और गोदाम का कर रहे थे संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर यहां पेट्रोल पंप रोड पर एक प्राइवेट कंपनी की प्राॅपर्टी को प्रशासन ने सील कर दिया। कंपनी नब्बे के दशक से यहां संचालित थी। कुछ वर्षों तक यहां काम करने के बाद इस कंपनी ने काम बंद कर दिया था जिसके बाद कई लोग इस भवन पर दुकानें और गोदाम संचालित कर रहे थे।
मंगलवार को प्रभारी एसडीएम राजकुमार पांडेय, तहसीलदार सुधा डोभाल, प्रभारी नायब तहसीलदार विजयपाल गुसाईं सहित पुलिस फोर्स की मौजूदगी में यहां कंपनी सील की कार्रवाई शुरू हुई। एसडीएम राजकुमार पांडेय ने बताया कि लंबे समय से इलाहाबाद हाईकोर्ट में यह केस चल रहा है। अब हाईकोर्ट के निर्देश पर इस प्राॅपर्टी को सील कर लिक्वीडेटर (संपत्ति को खुले बाजार में बेचकर नकदी में बदलना) को सौंपा जा रहा है। जबकि चार दुकानों का किराया दुकानदार न्यायालय में जमा कर रहे हैं। उन्हें छोड़कर अन्य सभी दुकानें और गोदाम को सील किया जा रहा है। तहसीलदार सुधा डोभाल ने बताया कि प्राइवेट कंपनी की सात मुठ्ठी यह प्राॅपर्टी है जिसे सील किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस उपनिरीक्षक अजीत कुमार, अश्वनी बलूनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।