मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शनिवार को देहरादून में आयोजित आत्मनिर्भर उत्तराखंड कार्यक्रम में चमोली जनपद से भी जिलाधिकारी हिमांशु खुराना समेत समस्त जिलास्तरीय अधिकारियों ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को विजन दिया है। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार द्वारा पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
नीति आयोग के उपाध्यक्ष डा. राजीव कुमार ने कहा कि सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा। उत्तराखंड को शिक्षा का हब बनाना है। माध्यमिक शिक्षा का हब तो उत्तराखंड है, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में और प्रयास करने होंगे। केंद्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डा. के विजयराघवन ने कहा कि उत्तराखंड के पास हिमालय के रूप में बड़ी संपदा है। पद्म भूषण डा. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि बोधिसत्व के माध्यम से राज्य के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं।