कुराड़ और पार्था के तीन युवकों को देहरादून में गुलदार की खाल के साथ पकड़े जाने के बाद बदरीनाथ वन प्रभाग हरकत में आया है। दो दिनों में वन विभाग की टीम ने पांच गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर पकड़े गए युवकों के घरों की तलाशी ली और उनके परिजनों से पूछताछ की।
उपप्रभागीय वनाधिकारी मध्य पिंडर रेंज थराली शिवानंद सुमन और वन क्षेत्राधिकारी गोपाल बिष्ट के नेतृत्व में दो टीमें बनाकर रविवार तथा सोमवार को तहसील के कुराड़, पार्था, कूनी, बूला सहित ढाढ़रबगड़ गांवों में छापे मारे गए। इस दौरान ग्रामीणों और पकड़े गए आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की गई। आरोपियों के घरों की भी तलाशी भी ली गई। वन क्षेत्राधिकारी गोपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि इन गांवों के कुछ लोग छानियों और गोशालाओं में भी रहते हैं, लिहाजा एहतियात के तौर पर इनकी भी गहन तलाशी ली गई। गांवों में विरोध न हो इसलिए टीम ने छानबीन के दौरान ग्राम प्रधान पार्था भोलाराम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को साथ लिया। उपप्रभागीय वनाधिकारी शिवानंद सुमन ने बताया कि शीघ्र ही वन विभाग की टीम देहरादून में पकड़े गए युवकों से भी पूछताछ करने जाएगी। जिस स्थान से गुलदार की खाल लाई गई थी वह बदरीनाथ वन प्रभाग के बीच पिंडर रेंज में पड़ता है। टीम में वन दरोगा सोबन सिंह, राजेंद्र प्रसाद नैनवाल, वन बीट अधिकारी सोनी बिष्ट, मनोहर सिंह, नारायण दत्त जोशी, प्रेमचंद्र सती, हुकम सिंह, गजेंद्र सिंह आज मौजूद थे।