कर्णप्रयाग। नगर पालिका ने बीते सप्ताह पार्किंग और खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई की थी। साथ ही ऐसा दोबारा करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी मगर यह सब अब बेअसर होता दिख रहा है। जहां बाजार में वाहनों का जमावड़ा लगा है वहीं खुले में जगह-जगह कूड़ा बिखरा हुआ है।
बीते सप्ताह नगर पालिका प्रशासन ने सड़कों और पैदल रास्तों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था। साथ ही सिमली रोड की पार्किंग और पेट्रोल पंप की पार्किंग सहित मुख्य बाजार में बनी दोपहिया वाहन पार्किंग में ही वाहन खड़े करने को कहा गया था। इसके बाद भी सड़कों पर वाहन खड़े हैं। सुभाषनगर एप्रोच सड़क, नैनीताल हाईवे, नालों, सड़कों और स्कपर में कूड़ा जमा है। बंदर कूड़े को फैला रहे हैं। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नगर में खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर अब कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। संवाद