आदिबदरी मंदिर के कपाट 15 जनवरी को परंपरागत ढंग से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने पर मंदिर में एक सप्ताह तक महाभिषेक समारोह एवं शीतकालीन पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास मेला होगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मंदिर के पुजारी चक्रधर थपलियाल ने कहा कि 15 जनवरी को सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। उसके बाद 11 बजे विधायक अनिल नौटियाल महाभिषेक समारोह व मेले का उद्घाटन करेंगे। सचिव हिमेंद्र कुंवर ने कहा कि समारोह में कथावाचक आचार्य रोहित मैखुरी मंदिर परिसर में एक सप्ताह तक श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन करेंगे। 16 व 17 जनवरी को धार्मिक लोकनृत्य व गीतों की प्रस्तुति होगी। अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा ने कहा कि मंदिर को दो क्विंटल गेंदों के फूलों से सजाया जाएगा। समारोह के समापन के लिए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को आमंत्रित किया गया है। बैठक में बीरेंद्र भंडारी, बलवंत भंडारी, विनोद नेगी, गैंणा रावत, विजय चमोला, नरेश बरमोला, पंकज सती, यशवंत भंडारी और नवीन बहुगुणा थे।