सभी विभागों को लक्ष्य निर्धारित कर काम में तेजी लाने के निर्देश
विभागीय कर्मचारियों की 26 नवंबर तक कराएं स्वगणना
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ ने जनगणना के तहत जिले में स्वगणना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागों को अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना 26 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पूरी कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने स्वगणना कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर अभियान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा वाहनों के माध्यम से भी इसका प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने जनगणना प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने, जिले के गणमान्य व्यक्तियों और शिक्षण संस्थानों में भी अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि निर्धारित समय में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।