थराली/देवाल। आपदा से क्षतिग्रस्त थराली-देवाल मार्ग एक साल बाद भी बदहाल है। सरस्वती शिशु मंदिर से आगे सड़क का तीस मीटर हिस्सा धंस गया है। ऐसे में यहां एक वाहन का निकलना भी मुश्किल है। वहीं केदारबगड़ में डुंग्री सड़क का मलबा भरा है जो बरसात में दलदल बन जाता है। वहीं लोनिवि की सहायक अभियंता बबीता ने बताया कि थराली से चेपड़ों तक सड़क सुधारीकरण की धनराशि स्वीकृत नहीं हुई है। इस कारण अभी डामरीकरण का कार्य नहीं हो रहा है। वहीं देवाल में कुनारबैंड-घेस मार्ग पर स्कपर और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर जगह-जगह पत्थर और मलबा बिखरा है जो वाहनों की आवाजाही के लिए खतरा बना हुआ है। संवाद
बरसात में सड़कों पर तैनात हो जेसीबी
नारायणबगड़। आगामी बरसात से पूर्व पिंडरघाटी के थराली, देवाल तथा नारायणबगड़ ब्लॉक के खस्ताहाल आंतरिक मार्गों को व्यवस्थित करने की मांग के लिए कांग्रेस के जिला महामंत्री संदीप पटवाल ने लोनिवि थराली के ईई को ज्ञापन दिया। उन्होेंने बताया कि पिंडरघाटी के तीनों ब्लॉकों की अधिकांश मार्ग खस्ताहाल हैं। बारिश में भूस्खलन होने पर मार्ग बंद हो जाते हैं। उन्होंने बरसात से पूर्व सभी मार्गों पर जेसीबी तैनात करने और मार्गों को ठीक करने की मांग की। वहीं लोेनिवि थराली के ईई मनीष डोगरा ने बताया कि विभाग की ओर से बरसात से पूर्व सभी विकासखंडों में मार्गों के रख-रखाव की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। संवाद