वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के चक्कर में स्कूटी से खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। ज्योतिर्मठ बाजार में सड़क पर स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूटी को सीज कर दिया। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में स्कूटी से खतरनाक स्टंट कर सड़क पर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने की कोशिश की गई थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए ज्योतिर्मठ पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की और उसे भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की सख्त हिदायत दी। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। वहीं पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ध्यान रखें। जिंदगी अनमोल है। इसे चंद लाइक्स और व्यूज के लिए जोखिम में न डालें।