छात्र राजनीति में मिले मदद, इसके लिए छात्र नेताओं ने बनाई डेस्क
-महाविद्यालय में प्रवेश के साथ शुरू हुई छात्र राजनीति, कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर सौंपी गई अलग-अलग संकायों की जिम्मेदारी
कर्णप्रयाग। महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही छात्र राजनीति भी शुरू हो गई है। महाविद्यालयों में विभिन्न दलों के कार्यकर्ता प्रवेश के माध्यम से छात्र-छात्राओं में अपनी पैठ जमाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रवेश के लिए छात्र संगठनों ने अपने-अपने मदद डेस्क लगाए हैं। साथ ही अलग-अलग संकायों के लिए टीमें बनाई गई हैं जो प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं में मदद कर रहे हैं।
जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर कक्षाओं बीए, बीएससी और बीकॉम के लिए प्रवेश हो रहे हैं। समर्थ पोर्टल में ऑनलाइन पंजीकरण करने के बाद महाविद्यालयों में प्रथम सूची जारी हो गई है। इसके बाद महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की जा रही है। प्रवेश के साथ ही छात्र नेता भी सक्रिय होने लगे हैं। कर्णप्रयाग, तलवाड़ी, गैरसैंण, देवाल, नारायणबगड़ आदि महाविद्यालयों में एबीवीपी, एनएसयूआई, आर्यन आदि छात्र संगठन के कार्यकर्ता अपने-अपने संगठन को मजबूत बनाने में जुट गए हैं। छात्र संगठनों की ओर से बैठक कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकर्ताओं ने बीए, बीएससी और बीकॉम संकायों के लिए अलग-अलग टीम बनाई है। जो टीमें प्रवेश संबंधी दिक्कतों को दूर कर रहे हैं। एबीवीपी के छात्र नेता अंशुल रावत ने कहा कि सभी संकायों में कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संभावित प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया गया है। एनएसयूआई के छात्र नेता सुनील रावत ने बताया कि संभावित प्रत्याशियों पर अभी से मेहनत शुरू कर दी गई है।